ब्लाक का प्राथमिक विद्यालय सेंज शनिवार को भी नहीं खुला। जबकि विद्यालय में किसी प्रकार का अवकाश घोषित नहीं था। वहीं, विद्यालय में तैनात शिक्षिका का अवकाश भी 23 दिसंबर तक था। ऐसे में स्कूल में पढ़ने वाले 25 बच्चे घर बैठने को मजबूर हैं। वहीं, शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों की दूरस्थ गांवों में पटरी से उतरी शिक्षा व्यवस्था को लेकर लापरवाही उजागर हो रही है।
ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय सेंज में पिछले शनिवार से ताला लटका है। संकुल समन्वयक शिव सिंह नेगी के अनुसार यहां तैनात शिक्षक 18 से 23 दिसंबर तक अवकाश पर थे। ग्रामीणों का कहना है कि 24 और 25 दिसंबर को सरकारी अवकाश होने के बावजूद 26 दिसंबर (शनिवार) को भी स्कूल नहीं खुला। अभिभावक शूरबीर सिंह, योगेंद्र सिंह, प्रधान दीपा देवी आदि ने कहा कि यदि सोमवार को विभाग स्कूल में शिक्षक की तैनाती कर पठन-पाठन सुचारू नहीं करता तो मंगलवार को ग्रामीण खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव करेंगे। ग्रामीणों ने कहा कि शिक्षक ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों को पढ़ाने में लापरवाह साबित हो रहे हैं। जबकि अधिकारी शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। इसके चलते सरकारी स्कूल बदहाल हो रहे हैं। जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) आरपी डंडरियाल ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। संबधित शिक्षकों और अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है।