नंदप्रयाग-घाट सड़क डेढ़ लेन करने की मांग को लेकर चले रहे आंदोलन को समर्थन देने पहुंचे पूर्व विधायक डा. जीतराम को जनता और आंदोलनकारियों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। लोगों ने पूर्व विधायक से पूछा कि जब पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में वे विधायक थे, तब उन्होंने क्यों सड़क चौड़ीकरण की मांग शासन में नहीं उठाई। इस पर विधायक ने कहा कि कांग्रेस ने सड़क चौड़ीकरण का आदेश कर दिया था, लेकिन भाजपा ने इस पर कोई अमल नहीं किया। कुछ देर तक उन्होंने आंदोलन के समर्थन में धरना भी दिया।
घाट बाजार में सड़क को लेकर 47 दिनों से आंदोलन चल रहा है। चार दिनों से तीन लोग आमरण अनशन कर रहे हैं। मंगलवार को थराली के पूर्व विधायक डा. जीतराम आंदोलन को समर्थन देने पहुंचे, जिस पर आंदोलनकारियों और जनता ने सवाल उठाए। इस पर पूर्व विधायक ने कहा कि वर्ष 2016 में कांग्रेस सरकार ने घाट सड़क के चौड़ीकरण का शासनादेश कर दिया था लेकिन भाजपा की सरकार आते ही इस शासनादेश पर कोई अमल नहीं हुआ। कुछ देर आंदोलन स्थल पर रहने के बाद पूर्व विधायक ने डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष को ज्ञापन भेजकर शीघ्र जनता की मांग को पूरा करने की मांग उठाई।