जंगल में लगी आग शुक्रवार को प्राथमिक स्कूल बंदरखंड के करीब तक पहुंच गई। सूूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने मुश्किल से आग पर काबू पाया। गनीमत रही कोरोना संक्रमण के कारण प्राथमिक विद्यालय बंद है अन्यथा बड़ी घटना हो सकती थी।
पहाड़ी क्षेत्रों के जंगलों में लगातार फैलती जा रही है। कुछ दिन पहले गैरसैंण क्षेत्र का सेठूझुमाखेत का स्कूल आग से जल चुका है। वहीं, कर्णप्रयाग के पास सेमी ग्वाड़ के लोगों ने भी बड़ी मुश्किल से गांव के प्राथमिक स्कूल को आग से बचाया था। हालांकि अभी स्कूल बंद हैं, जिस कारण बड़ी घटना होने से टल गई। शुक्रवार को दोपहर करीब एक बजे जंगल से भड़की आग प्राइमरी स्कूल बंदरखंड तक पहुंच गई थी। सूचना मिलते ही गौचर चौकी के पुलिस व फायर सर्विस कर्मचारी फायरमैन हेमचंद्र, लक्ष्मण राणा, धर्मेंद्र कंडारी, हरेंद्र, प्रेमप्रकाश घटनास्थल पर पहुंचे। कर्णप्रयाग के एसएचओ गिरीश चंद्र शर्मा ने बताया कि कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझा दी गई।