तपोवन और रैणी क्षेत्र में राहत और बचाव कार्य में लगे कर्मियों के लिए ज्योतिष एवं द्वारका पीठ की ओर से खाद्य सामग्री और पेयजल की व्यवस्था की गई। स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती के प्रतिनिधि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने बताया कि रविवार की आपदा से मची तबाही के प्रति ज्योतिष एवं द्वारका पीठ के शंकराचार्य स्वरूपानंद ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। जान गंवाने वालों की आत्मा की शांति के लिए भगवान बदरीनाथ और द्वारिकाधीष से प्रार्थना की। बताया कि सेना, आईटीबीपी, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन के बचाव कर्मियों को पेयजल और खाद्य सामग्री बांटी गई। प्रभावितों के रहने के लिए ज्योतिमठ परिसर में व्यवस्था की गई है। वहीं जिला रेड क्रास सोसाइटी की तरफ से भी प्रभावित परिवारों को खाद्य सामग्री बांटी गई। सोसाइटी के उपाध्यक्ष विनोद रावत ने बताया कि प्रभावितों को राहत सामग्री देने का काम जारी रहेगा।