भिरतोली गांव के 150 परिवारों को चलना पड़ रहा पैदल
संवाद न्यूज एजेंसी
नंदानगर। ब्लॉक के भिरतोली गांव में अनुसूचित जाति के करीब 150 परिवार सड़क सुविधा से वंचित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2017-18 में शासन से भिरतोली गांव के लिए पांच किमी सड़क की स्वीकृति मिली थी लेकिन निर्माण अभी तक नहीं हुआ। ऐसे में ग्रामीणों को गंतव्य तक जाने के लिए पांच किलोमीटर की पैदल दूरी तय करनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने लोनिवि कर्णप्रयाग के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र सड़क निर्माण की मांग की।
सुखवीर सिंह बिष्ट और अवतारी राम का कहना है कि गांव के रिखवाड़ी तोक से भिरतोली तक ग्रामीण गंतव्य तक जाने के लिए पांच किमी पैदल चलते हैं। बीच में घना जंगल भी है जिससे जंगली जानवरों का डर बना रहता है। सड़क न होने से बीमार व्यक्ति को कंधे पर चारपाई के सहारे अस्पताल पहुंचाना पड़ता है। क्षेत्र पंचायत सदस्य रुक्मणी देवी और रणजीत का कहना है कि लोनिवि के अधिकारियों को कई बार अवगत कराने के बाद भी सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है। इधर लोनिवि के अधिशासी अभियंता नवीन लाल का कहना है कि शासन से सड़क की स्वीकृति मिलने के बाद सर्वेक्षण शुरू किया जाएगा।