प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ काश्तकारों को समय पर नहीं मिल पा रहा है। रवि की फसल बीमा 2025 के लिए काश्तकारों के साथ गोष्ठी करने आए बीमा कंपनी के अधिकारियों को सेब काश्तकारों ने खूब खरी-खरी सुनाई। कहा कि समय पर बीमा क्लेम नहीं मिल रहा है। जिससे काश्तकार बीमा में रुचि नहीं ले रहे हैं। काश्तकारों ने स्पष्ट कहा कि पहले पिछले साल की फसल बीमा का भुगतान किया जाए, उसके बाद वे इस साल का बीमा करवाएंगे। रविवार को ब्लॉक सभागार में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को लेकर कार्यदायी संस्था एसबीआई जनरल इंश्योरेंस कंपनी ने कार्यशाला का आयोजन किया। क्षेत्र के सेब काश्तकारों ने बीमा कंपनी की कार्यप्रणाली और लेट लतीफी को लेकर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। कहा कि जब केंद्र और राज्य सरकार समय पर अपना अंशदान बीमा कंपनी को दे रही है तो उन्हें समय पर बीमा का भुगतान क्यों नहीं किया जाता है। सेब काश्तकार गौर सिंह कुंवर और बद्री सिंह भुजवाण ने कहा कि साल 2023 के बीमा का भुगतान शीघ्र किया जाए। उसके बाद ही काश्तकार इस साल की फसल का बीमा करा पाएंगे। कंपनी के अधिकारी काश्तकारों की शिकायतों का कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इस अवसर पर सेब काश्तकार अमित सती, समीर डिमरी, संजय डिमरी, ओम प्रकाश डिमरी, गौरव नंबूरी, एसबीआई जनरल इंश्योरेंस के ब्लॉक समन्वयक कुंदन सिंह, सोहित कुमार, ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक सोमेश भंडारी, सहायक उद्यान निरीक्षक प्रदीप सिंह नेगी सहित अन्य काश्तकार मौजूद रहे।