रविवार को देर शाम एक दुकान और एक रेस्टोरेंट में आग लगने से वहां रखा लाखों का सामान जल गया। बीआरओ के जवानों और व्यापारियों ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग लगने केे कारणों का अभी पता नहीं लग पाया है। राजस्व पुलिस की ओर से मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
रविवार को पीपलकोटी बाजार में पुलिस चौकी के समीप स्थित राजेंद्र सिंह नेगी जनरल स्टोर और त्रिलोक सिंह नेगी रेस्टोरेंट शाम छह बजे बंद कर अपने गांव नौरख चले गए।
इसके डेढ़ घंटे बाद बीआरओ के ओसी रूप ज्योति दास अपने आवास के बाहर टहल रहे थे तभी उन्होंने दुकानों से धुआं उठता देखा।
इसके बाद उन्होंने कॉल बैल बजाकर जवानों को एकत्रित कर व्यापारियों को घटना की सूचना दी। व्यापारियों और बीआरओ के जवानों ने आग पर काबू पाया।
सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार मंजू राजपूत मौके पर पहुंची। उन्होंने मौके पर ही पटवारी को आगजनी की घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।