विशाल वार्ड के समीप शुक्रवार को जंगल में अचानक लगी आग से लाखों वन संपदा राख राख हो गई। सूचना मिलने पर ग्रामीणों, वन विभाग के कर्मचारियों और अग्नि शमन विभाग के जवानों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पालिका सभासद विष्णु प्रसाद ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे अचानक गांव के समीप के जंगल में सूखी घास पर आग धधकने लगी। आग ने देखते ही देखते जंगल के बड़े हिस्से को अपनी आगोश में ले लिया और आग तेजी से आबादी की ओर आने लगी। जिसे देखते हुए ग्रामीणों ने वन विभाग और अग्नि शमन विभाग के अधिकारियों को घटना की सूचना दी। वन कर्मियों और अग्नि शमन के जवानों ने दो घंटे बाद आग पर काबू पाया।
रेंजर विक्रम सिंह का कहना है कि आग से जंगल में जमीनी संपदा को नुकसान हुआ है जबकि पेड़ों के आग की चपेट में आने से पहले ही आग पर काबू पा लिया गया है। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की भी जांच की जाएगी।