थराली/गौचर। शनिवार रात को भारी बारिश से पिंडर घाटी में जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। काश्तकारों के खेतों में पानी भरने से गेहूं और आलू की फसल को नुकसान पहुंचा है। जबकि थराली-देवाल सड़क पर जगह-जगह पत्थर और मलबा गिरने से आवाजाही में दिक्कतें हुईं।
कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डाॅ. गिरीश जोशी का कहना है कि आमतौर पर जून के दूसरे हफ्ते से बरसात शुरू होती है लेकिन मई में लगातार बारिश रही है। उससे मौसम चक्र में परिवर्तन की संभावना है। ग्वालदम क्षेत्र में अपेक्षाकृत अधिक बारिश हुई। वहीं दूसरी ओर गौचर में शुक्रवार रात को हुई बारिश से 15 से अधिक दुकानों में पानी घुस गया और व्यापारियों का सामान खराब हो गया। जीवन सिंह, खुशाल सिंह ने कहा कि एनएचआईडीसीएल की ओर से हाईवे के एक ओर ही नाली बनाई गई है जिस कारण बरसात का पानी हाईवे के दूसरी ओर दुकानों में चला जाता है। उन्होंने एनएचआईडीसीएल से जल्द नाली निर्माण की मांग की। संवाद