व्यावसायिक सिलिंडरों की कमी से होटल-दुकान स्वामी परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। व्यावसायिक सिलिंंडरों की कमी के कारण होटलों में अधिकतर फास्ट फूड बनने बंद हो गए हैं। वहीं समोसे के दाम भी बढ़ गए हैं। पहले एक समोसा 15 रुपये का था वह अब 20 का हो गया है। व्यापारियों का कहना है कि यदि सिलिंडर नहीं मिला तो तो कुछ समय बाद होटलों को बंद करना पड़ेगा।
नगर के होटलों और दुकानों में पहले चाऊमीन, मोमो, छोले भटोरे, स्प्रींग रोल, डोसा आदि बनते थे। होटल व्यवसायी करन भट्ट ने कहा कि होटल में छोले भटूरे और मोमो की अच्छी ब्रिकी होती थी। इसके लिए अलग से चूल्हा लगाया था लेकिन सिलिंडरों की कमी के कारण अब इस चूल्हे को बंद करना पड़ रहा है। छोले भटूरे और मोमो का काम फिलहाल बंद कर दिया गया है। वहीं होटल संचालक कमल सिंह नेगी ने कहा कि अन्य सामान तो भट्टी में बन जा रहा है लेकिन चाय, चाऊमीन आदि बनाने के लिए गैस जरूरी है। वहीं उपजिलाधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने कहा कि व्यावसायिक सिलिंडरों की कमी को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।