जिले में इस बार 15679 परीक्षार्थी हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा देंगे। इस बार जीआईसी ग्वाड़-देवलधार को नया परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा कक्ष में कक्ष निरीक्षक मोबाइल नहीं ले जा सकेंगे। डीएम विनोद कुमार सुमन ने कहा कि यदि कोई कक्ष निरीक्षक परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन के साथ पकड़ा गया तो कार्रवाई की जाएगी।
बोर्ड परीक्षा की तैयारियों को लेकर डीएम विनोद कुमार सुमन ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से जिले को छह जोन और 22 सेक्टर में बांटा गया है।
इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 17 मार्च से होगी, जबकि हाईस्कूल की परीक्षा 18 मार्च से शुरू होगी। मुख्य शिक्षा अधिकारी ललित मोहन चमोला ने बताया कि बोर्ड परीक्षा के लिए 105 केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें से 26 परीक्षा केंद्र संवेदनशील चिह्नित किए गए हैं।
बताया कि पोखरी, कर्णप्रयाग और गैरसैंण के लिए परीक्षा कॉपी संकलन केंद्र जीआईसी कर्णप्रयाग बनाया गया है, जबकि नारायणबगड़, देवाल व थराली के लिए जीआईसी थराली को संकलन केंद्र बनाया गया है। इस मौके पर पुलिस उपाधीक्षक बीएल मधवाल, एसडीएम केएन गोस्वामी, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) आशुतोष भंडारी आदि मौजूद थे।