65वें औद्योगिक और सांस्कृतिक विकास मेला गौचर की चौथी सांस्कृतिक संध्या गोपीनाथ कलामंच गोपेश्वर, अलकनंदा सांस्कृतिक एवं विकास संस्था गौचर, संगम कला मंच देहरादून, लोक गायक सुशील राज और लोक गायिका हेमा नेगी करांसी की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के नाम रही।
हास्य कलाकार घनानंद घना (घना भाई) के चुटकुलों और हास्य प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों को खूब लोट पोट किया।
गोपीनाथ कला मंच की ओर से गायिका विमला देवी और साथियों ने हयोंद का दिन फिर बौंडी ऐगना.., ओ बीना कसके जानदु द्वाराहाट.., बेडु पाकु बारामासा.., मेरू दुया मोहना तेरी जीएमओ गाड़ी... आदि लोक गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। संगम कला मंच देहरादून के गायक विपिन राणा, प्रदीप असवाल, गायिका रेनू और सह कलाकारों ने खोली का गणेश.., गीरा तोली सेंणालो..., गीतों ने गढ़वाली और जौनसारी संस्कृति की झलक पेश की गडुना गांव के लोकगायक प्रदीप बुटोला ने नंदा तेरी जात कैलाश लै जोला सजी धजी... , लोक गायक सुशील राज ने जैसे ही मंच से उत्तराखंड देवभूमि देखंदो कन भली दीख्यादी भुला तेरां सौं... सुमधुर गानों की धुन छेड़ी तो दर्शकों की भीड़ थिरकने लगी।
संस्था के कलाकारों ने धवडी लगा दौं ..., तेरी जय हो गणेश .., सजी धजी बैठयु छौं सौं सिंगार मां... और चांदी जैसा रंग है तेरा सोने जैसे बाल.. गजल की प्रस्तुति दी।
अलकनंदा सांस्कृतिक विकास संस्था गौचर, हिंवाली संस्था श्रीनगर के कलाकारों, लोक गायिका हेमा करासी, सोनी आनंद आदि कलाकारों ने बिडुन न मानी रे मैन जाण चुरपुर.., लौय फूल ब्यौंणी.. और हैं चित रंचना... की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन अर्जुन नेगी, रमेश सिदोला और पुष्कर चौधरी ने किया। कार्यक्रम में सुनील पंवार, दलबीर कनवासी, जयकृत बिष्ट, अविनाश जोशी, डायट प्राचार्य के सिंह, इंदु पंवार, विपुल डिमरी और उमेश शैली आदि मौजूद थे।
रस्साकशी में वार्ड छह मुख्य बाजार रही विजेता
मेले में आयोजित महिलाओं की रस्साकशी प्रतियोगिता में वार्ड छह मुख्य बाजार की टीम विजेता रही। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला पनाई और सिरण की टीम के बीच हुआ जिसमें पनाई की टीम विजय रही।
दूसरा मुकाबला बंदरखंड वार्ड छह मुख्य बाजार की टीम के बीच हुआ, जिसमें वार्ड छ: मुख्य बाजार की टीम ने जीत हासिल की। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला पनाई और वार्ड छह मुख्य बाजार के बीच हुआ। रोचक मुकाबले में वार्ड छह मुख्य बाजार की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया।
फुटबाल में अल्मोड़ा नेे उधमसिंहनगर को हराया
गौचर मेले के दौरान मेला मैदान में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न जगहों की टीमों को आमंत्रित किया गया था। प्रतियोगिता के फुटबाल मैच में पहला मैच उधमसिंहनगर और अल्मोड़ा के बीच खेला गया, जिसमें अल्मोड़ा नेे उधमसिंहनगर को 4-1 से मात दी।
दूसरे मैच में गौचर ने चंपावत की टीम को 2-0 से हराया। तीसरे मैच मेें रुद्रप्रयाग की टीम ने देहरादून को 3-1 से हराकर बाजी मारी। पहले क्वार्टर फाइनल में हरिद्वार ने स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून को 4-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
दूसरी ओर वॉलीबाल प्रतियोगिता के पहले मैच में गोपेश्वर की टीम ने गौचर की टीम को और दूसरे मैच में देवभूमि इंस्टीट्यूट की टीम ने किमोली की टीम को मात दी।
वॉलीबाल के तीसरे मुकाबले में स्पोर्ट्स स्टेडियम गोपेश्वर ने केवीएस गौचर को, चौथे मैच में तोपाल बद्रर्स ने उत्तराखंड पुलिस की टीम को, पांचवें मैच में तोपाल बद्रर्स ने घाट की टीम को, छठे मैच में स्टेडियम गोपेश्वर की टीम ने आदिबदरी की टीम को, सातवें मैच में देवभूमि की टीम ने घाट की टीम को तथा आठवें मैच में आदिबदरी की टीम ने केवीएस की टीम को हराया।
निर्णायक सुनील थपलियाल, योगेश बत्तर्वाल, आनंद लाल, विपिन बिष्ट, राकेश रावत, रमेश पंखौली, वीरेंद्र बिष्ट आदि रहे। वहीं कबड्डी के मैच में चमोली पुलिस की टीम ने टाउन स्पोर्ट्स गौचर को हराया।
गौचर मेले में आज होने वाले कार्यक्रम
- पतंजलि योग समिति एवं भारत स्वाभिमान द्वारा योग शिविर।
- विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का फाइनल कार्यक्रम।
- पत्रकार सम्मेलन।
- स्व. इंदिरा गांधी की जयंती पर गोष्ठी एवं महिला सम्मेलन।
- यूनिवर्सिटी यूथ क्लब श्रीनगर गढ़वाल की ओर से कमलव्यूह चक्रव्यूह का मंचन।
- कवि सम्मेलन।
- विभिन्न संस्थाओं की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम।