कर्मचारियों ने जड़ी-बूटी शोध संस्थान मंडल में काम बंद कराया
हड़ताली कर्मचारियों का आंदोलन हुआ उग्र, आज से बिजली-पानी बंद करेंगे कर्मचारी
अमर उजाला ब्यूरो
गोपेश्वर। पदोन्नति में आरक्षण के विरोध में बेमियादी हड़ताल पर बैठे जनरल-ओबीसी कर्मचारियों का आंदोलन उग्र होता जा रहा है। कर्मचारियों ने टीमें बनाकर सरकारी दफ्तरों में छापा मारा। जड़ी-बूटी शोध संस्थान मंडल में कर्मचारी काम करते मिले तो हड़ताली कर्मचारियों ने जबरन काम रुकवा दिया और कर्मचारियों को मौके से बाहर कर दिया। उन्होंने कहा कि शुक्रवार से जिले में बिजली-पानी जैसी आवश्यक सेवाओं को भी बंद कर देंगे।
बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट परिसर में उत्तराखंड जनरल, ओबीसी इंप्लाइज यूनियन के बैनर तले कर्मियों का धरना जारी रहा। कर्मियों ने टीमें बनाकर सरकारी दफ्तरों में छापा मारा। उन्होंने कहा कि कोई भी जनरल या ओबीसी कर्मचारी काम करता हुआ मिला तो काम बंद करवाकर धरने में शामिल किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी यदि सरकार उनकी मांग पर विचार नहीं करती है तो आंदोलन तेज कर देंगे। इस दौरान मोहन जोशी, प्रीति सती, प्रदीप बिष्ट, हरीश डिमरी सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। ब्यूरो