नीती घाटी के कैलाशपुर में हुई जागरूकता गोष्ठी
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। सीमा जागरण मंच की ओर से नीती घाटी के कैलाशपुर गांव में ग्रामीणों के साथ जागरूकता गोष्ठी की गई। इस दौरान सीमा क्षेत्रों को सुविधा संपन्न बनाने और ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निदान पर चर्चा की गई। मंच के प्रांत संगठनकर्ता आशीष वाजपेयी ने कहा कि सीमा से लगे गांवों में रहने वाले ग्रामीण द्वितीय रक्षा पंक्ति के सैनिक हैं। उनकी सजगता से सीमा क्षेत्र में मानव, हथियार व ड्रग्स तस्करी के साथ आतंकी गतिविधियों को राेकने में भी मदद मिल सकती है।
मंच के जिला संयोजक पुष्कर सिंह राणा ने ग्रामीणों को सीमांत क्षेत्र की सुरक्षा के प्रति अवगत कराया। कहा कि सीमा क्षेत्र की सुरक्षा और एकता को बढ़ावा देने में सीमा दर्शन कार्यक्रम की अहम भूमिका है। इसमें स्थानीय युवाओं की भागीदारी से देश की एकता एवं अखंडता को मजबूती मिलेगी। इसलिए सीमांत क्षेत्र के लोगों को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाया जाना बेहद जरूरी है। इसके लिए ग्राम पंचायत स्तर पर रोजगार के साधन उपलब्ध कराना होगा। इस मौके पर भीम सिंह, बचन सिंह, महेंद्र सिंह, दुर्गा सिंह, तुषार, हीरा सिंह, मोहन सिंह आदि मौजूद रहे।