आदिबदरी। तहसील क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में बिना सत्यापन के फेरी लगाने वालों की बढ़ती तादाद पर जनप्रतिनिधियों ने चिंता जताई। सिलपाटा की क्षेत्र पंचायत सदस्य मुन्नी देवी ने इस संबंध में तहसीलदार और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन भेजा। कहा कि तहसील के गांवों में बिना पुलिस-प्रशासन के सत्यापन के अधिक संख्या में बाहरी राज्यों के फेरी वाले धड़ल्ले से सामान की बिक्री कर रहे हैंं। कई लोग संदिग्ध भी लग रहे हैं। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से बाहरी लोगों के सत्यापन की मांग की। थाना गैरसैंण के एसआई सुमित कुमार ने बताया कि मामले का संज्ञान लेकर बाहरी लोगों के सत्यापन की कार्रवाई की जाएगी। संवाद
चेपड़ों के आपदा प्रभावितों ने की मुआवजे की मांग
थराली। चेपड़ों के आपदा प्रभावित दुकानदारों ने मुआवजे की मांग के संबंध में तहसीलदार के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजा। कहा कि 22 अगस्त को हुई अतिवृष्टि से बाजार स्थित लगभग 25 दुकानों, 12 से अधिक वाहनों और कई गोशालाओं के मलबे की चपेट में आने से नुकसान पहुंचा था। इस कारण व्यापारी तथा वाहन स्वामी बेरोजगारी के कगार पर आ गए हैं। बिना रोजगार व्यापारियों के सामने परिवार का भरण पोषण करना मुश्किल हो गया है। तब प्रशासन ने प्रभावितों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया था लेकिन एक माह से भी अधिक समय होने के बाद भी व्यापारियों तथा वाहन स्वामियों को सरकार की ओर से कोई आर्थिक मदद नहीं दी गई। उन्होंने शासन-प्रशासन से शीघ्र प्रभावितों को मुआवजा देने की मांग की। ज्ञापन में कुंदन सिंह, भरत सिंह, रमेश चंद्र, लक्ष्मी प्रसाद, संदीप सिंह, जसपाल सिंह औरआत्माराम आदि के हस्ताक्षर हैं। संवाद
गमलीगाड़ भूस्खलन जोन : मलबा हटाते ही फिर गिर रहा
देवाल। विकासखंड के गमलीगाड़ में भारी मलबा आने से स्टेट हाईवे देवाल-लोहाजंग-वाण सड़क बीते 25 दिन से बंद है। हालांकि लोनिवि की ओर से मलबा हटाने के लिए पोकलेन मशीन लगाई गई है लेकिन जमीन धंसने से सड़क नियमित रूप से नहीं खुल पा रही है। यहां सड़क एक दिन में करीब दो से ढाई घंटे तक ही खुल पा रही है। मशीन की ओर से एक बार मलबा हटाने के बाद फिर मलबा आने से सड़क बंद हो जा रही है। वहीं लोनिवि के एई जेके टम्टा का कहना है कि गमलीगाड़ में बार-बार मलबा आने से सड़क नियमित रूप से नहीं खुल पा रही है। वहीं पूर्व प्रमुख डीडी कुनियाल ने कहा कि सड़क बंद होने से इस क्षेत्र के 15 गांवों की करीब दस हजार की आबादी परेशान है। संवाद
स्कूल का पहुंच मार्ग क्षतिग्रस्त
कर्णप्रयाग। देवाल विकासखंड के लिंगड़ी के ऊड़ीबगड़ में भूस्खलन से प्राइमरी स्कूल का पहुंच मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। हालांकि यहां पर ग्राम पंचायत की ओर से अस्थायी पुलिया और पैदल मार्ग बनाया जा रहा है लेकिन ग्रामीणों ने पुलिया और रास्ता सुविधाजनक बनाने की मांग की। कमल भंडारी ने कहा कि ऊड़ीबगड़ प्राइमरी स्कूल में कफलखेत से पांच बच्चे इसी रास्ते से स्कूल आते हैं। ऐसे में आवाजाही में खतरा बना हुआ है। संवाद