तहसील थराली में शुक्रवार को दिन में 11 बजे गुल हुई बिजली शनिवार शाम चार बजे बहाल हो पाई। दिन भर बिजली गुल रहने से कार्यालयों में कामकाज ठप रहा।
दो दिन से बिजली गुल होने से संचार व्यवस्था भी लड़खड़ाई हुई है। तहसील, कोषाधिकारी सहित अन्य कार्यालयों में कामकाज पर बुरा असर पड़ा है। दूर-दराज से आए लोगों को निराश लौटना पड़ा तो बोर्ड परीक्षा की तैयारियों में जुटे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित रही।
थराली के नरेंद्र भारती, भास्कर पांडे, उमेश पुरोहित, कुंदन सिंह आदि का कहना है कि थराली में यह समस्या एक दिन की नहीं बल्कि बार-बार आ रही है।
ऊर्जा निगम के अवर अभियंता डीपी खंडूड़ी का कहना है कि फाल्ट कुलसारी और हरमनी के बीच तार टूटने से आया है। लाइनें पुरानी होने से बार-बार फाल्ट आने की समस्या आ रही है। जल्द ही थराली में 33 केवी का स्टेशन बनने वाला है, जिससे यह समस्या कुछ हद तक समाप्त हो जाएगी।