नंदाकिनी नदी के किनारे से गुजर रही 33 केवी की विद्युत लाइन
झूलते बिजली के पोल से हादसे का बना खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
गाेपेश्वर। नंदप्रयाग से नंदानगर क्षेत्र के लिए गुजर रही 33 केवी की बिजली लाइन के पोल हवा में झूल रहे हैं। नंदाकिनी नदी से हो रहे भूकटाव से दो जगहों पर विद्युत पोल बिजली लाइन सहित हवा में झूल रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऊर्जा निगम के अधिकारियों को कई बार अवगत कराने पर भी लाइन को बदला नहीं जा रहा है। इससे कभी भी क्षेत्र में बड़ी अनहोनी हो सकती है।
सब स्टेशन से निकल रही इस विद्युत लाइन से नंदाकिनी नदी के किनारे से होते हुए नंदानगर क्षेत्र के गांवों में बिजली सप्लाई की जाती है। नंंदाकिनी नदी के किनारे भूकटाव हाेने से दो जगहों पर बिजली के पोल के नीचे से जमीन खिसक गई है। इससे कभी भी पोल क्षतिग्रस्त हो सकते हैं। मंगरोली के कुंवर कंडेरी और तेजवीर कंडेरी का कहना है कि इस क्षेत्र में लोगों की लगातार आवाजाही रहती है। बिजली के पोल यदि नीचे गिरे तो क्षेत्र में बड़ी अनहोनी हो सकती है। ऊर्जा निगम के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया मगर इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इधर ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार का कहना है कि नदी से हो रहे कटाव से दो जगहों पर बिजली के पोल असुरक्षित हो गए हैं। यहां लाइन को बदलवाने के लिए शासन को इस्टीमेट भेजा गया है। धनराशि स्वीकृत होते ही लाइन को बदल लिया जाएगा।