-घायलों में सात मुरादाबाद उप्र के, बदरीनाथ जा रहे थे यात्री
-स्थानीय ग्रामीण अपने निजी वाहन और 108 एंबुलेंस से लाए अस्पताल
कर्णप्रयाग। शनिवार को बदरीनाथ हाईवे पर लंगासू के पास बेडाणू में दो कारों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। दोनों कारों में सवार आठ लोग घायल हो गए। इनमें 7 उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के शामिल हैं। घायलों का उपचार उपजिला अस्पताल में किया जा रहा है। चिकित्सकों ने सभी घायलों की स्थिति सामान्य बताई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार पूर्वाह्न करीब ग्यारह बजे मुरादाबाद के यात्री बदरीनाथ जा रहे थे। इस दौरान लंगासू के पास बेडाणू में चमोली की ओर से आ रही कार से भिड़ंत हो गई। इसमें योगेश (28), विजय (34), अभय प्रताप सिंह (24), सुमित (30) और अजीत (24) सभी निवासी समधी, शिवपुरी मुरादाबाद उप्र. घायल हो गए। जबकि दूसरी कार में सवार कुलदीप (62) निवासी पय्यां आदिबदरी, यशोदा (75) निवासी मौणा उमट्टा कर्णप्रयाग और सतीश (42) मज्याड़ी कांसुवा घायल हो गए। सूचना पर लंगासू चौकी पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इस दौरान चार घायलों को 108 एंबुलेंस में अस्पताल लाया गया। जबकि अन्य तीन को क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता टीका प्रसाद मैखुरी घटनास्थल पर जाकर अपने निजी वाहन से अस्पताल लाए। मैखुरी के प्रयासों की लोगों ने सराहना की है। थानाध्यक्ष विनोद थपलियाल ने बताया कि मुरादाबाद की कार में 7 एवं दूसरी कार में 3 लोग सवार थे। अस्पताल के सीएमएस डॉ. बीपी पुरोहित ने बताया कि सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है, और हालात सामान्य है।