एक माह से हो रही अघोषित बिजली कटौती पर पीपलकोटी क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और लोगों ने ऊर्जा निगम के ईई का घेराव किया। कहा यदि शीघ्र बिजली सप्लाई सुचारु नहीं दी गई तो कलक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। ईई के दस दिन में नियमित बिजली आपूर्ति करने के आश्वासन पर लोग शांत हुए।
बुधवार सुबह ग्यारह बजे पीपलकोटी क्षेत्र के लोग ब्लॉक प्रमुख विनीता देवी के नेतृत्व में कोठियालसैंण में ऊर्जा निगम के कार्यालय पहुंचे और ईई का घेराव किया। ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद स्थिति नहीं सुधरी है। एक माह से दिन और रात में कभी भी बिजली गुल हो जाती है। कभी तो रातभर बिजली नहीं आती। नगर पंचायत के सभासद धर्मेंद्र नेगी, नीरज नेगी, पंकज हटवाल, लीला वैष्णव और युवा संगठन के अध्यक्ष अजय भंडारी ने कहा कि बिजली न होने से गरमी में परेशानी झेल रहे हैं। ईई कैलाश कुमार ने कहा कि लाइन पर बार-बार फॉल्ट आने से यह स्थिति हुई है। दस दिनों में स्थिति सामान्य हो जाएगी। घेराव करने वालों में दिग्विजय शाह, अरविंद मिश्रा, मनोज कुमार, सुधीर हटवाल, प्रदीप नेगी, सुमित असवाल, अंकित पंत, प्रभाकर भट्ट आदि मौजूद थे।