सुभाषनगर-आईटीआई एप्रोच मार्ग बारिश के कारण बदहाल बना हुआ है। यहां बुधवार शाम एप्रोच मार्ग के किनारे धारे पर नहाते समय पैर फिसलने से एक नेपाली मजदूर नदी में बह गया। पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों ने उसका शव नदी से बरामद कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
कर्णप्रयाग थानाध्यक्ष गिरीश चंद्र शर्मा ने बताया कि बुधवार शाम करीब हस्ता बहादुर (33) पुत्र काली बहादुर (रारालीही जुमला नेपाली) हाल-ईडाबधाणी सुभाषगनर जाने वाले मार्ग के किनारे पिंडर नदी से लगे धारे (जलस्रोत) पर नहा रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में गिरकर बह गया। रात तक पुलिस/एसडीआरएफ ने सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। बृहस्पतिवार सुबह खोज के दौरान हस्ता बहादुर का शव पिंडर नदी में मिला।
बदहाल मार्ग दुरुस्त करने की मांग
कर्णप्रयाग। सुभाषनगर-आईटीआई एप्रोच मार्ग की बदहाली पर लोगों ने नाराजगी जताई। सुभाषनगर के वार्ड सभासद अरविंद गुसाईं, अनुज डिमरी, सुधीर डिमरी, शिव खंडूड़ी, लक्ष्मी प्रसाद कुमेड़ी, कमलेश गैरोला और कनक रावत ने इस संबंध में नगर पालिका के ईओ से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पूर्व हुई बारिश के कारण यह मार्ग बदहाल हो गया है। पांच दिन बाद भी मार्ग दुरुस्त नहीं किया गया जबकि मार्ग से लोगों की आवाजाही होती है। स्थिति यह है कि मार्ग खतरनाक बना है और जालियां नदी में बह चुकी हैं। कहा कि मार्ग के नदी साइड में सुरक्षा के इंतजाम नहीं हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी है। मार्ग पर पानी की निकासी न होने से फिसलन और गंदगी पसरी है। ईओ अंकित राणा ने जल्द मार्ग दुरुस्त करने का आश्वासन दिया। संवाद