गोपेश्वर। बांजबगड़-भतंग्याला सड़क पर पानी के निकासी की उचित व्यवस्था न होने से बगना गांव की कृषि भूमि बरबाद हो रही है। बगना कल्याण समिति ने मामले में उचित कार्रवाई की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2017 में लोनिवि ने इस सड़क का निर्माण किया था। गांव से मात्र 50 मीटर नीचे से बनी सड़क के ढलान पर बरसाती पानी ऊपर बने स्कपर से खेतों में जा रहा है। इससे खेतों में कटाव और भू-धंसाव होने लगा है। स्कपर से गांव में नाला बहने लगता है जिससे गांव को भी खतरा बना है। कहा कि कई बार शासन-प्रशासन को इस संबंध में लिखा गया है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। साथ ही गांव का सिरमुला, जैथा, मिमराणी और बैरासकुंड शिव मंदिर जाने का पैदल रास्ता भी ध्वस्त हो गया है। ज्ञापन भेजने वालों में समिति के अध्यक्ष किशोरी प्रसाद देवली, सचिव बुद्धि प्रसाद देवली, उपाध्यक्ष राम प्रसाद देवली, महासचिव गणेश प्रसाद देवली, हरीश चंद्र देवली आदि शामिल रहे। संवाद