कर्णप्रयाग। नगर पालिका के देवतोली सहित आसपास की बस्तियों की पेयजल किल्लत जल्द दूर हो सकेगी। जल संस्थान ने यहां करीब 120केएल का टैंक बनाया है। जल्द इस टैंक से पेयजल आपूर्ति शुरू कराने की तैयारी है।
नगर पालिका के देवतोली क्षेत्र में आबादी तेजी से बढ़ रही है। यहां महाविद्यालय, पीएमजीएसवाई के दो डिवीजन, सिंचाई विभाग सहित रेलवे लाइन के स्टेशन सिवाई से लगे होने के कारण यहां पानी की मांग बढ़ी है। ऐसे में आए दिन देवतोली क्षेत्र में पेयजल संकट की शिकायतें मिल रही थीं। समस्या को देखते हुए जल संस्थान ने यहां 120 केएल का एक नया टैंक बनाया है। साथ ही कालेश्वर लिफ्ट पंपिंग योजना को भी देवतोली से जोड़ने पर विचार किया जा रहा है। स्थानीय दीपक, सूरज, राहुल आदि ने कहा कि देवतोली क्षेत्र में लंबे समय से बना पेयजल संकट जल्द दूर हो जाएगा। वहीं जल संस्थान के सहायक अभियंता दिनेश पुरोहित का कहना है कि देवतोली के लिए टैंक का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। जल्द इससे पानी की आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। संवाद