गौचर। पंद्रह फरवरी को गौचर में होने वाले नंदा गौरा महोत्सव की तैयारियों को लेकर डीएम हिमांशु खुराना और एसपी रेखा यादव ने सोमवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। डीएम ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरा करने के निर्देश दिए। नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम के तहत यहां होने वाले नंदा गौरा महोत्सव में सीएम पुष्कर सिंह धामी के आने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। तैयारियों को लेकर डीएम और एसपी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर मंच तैयार करने, वीआईपी के बैठने की व्यवस्था, यातायात व पार्किंग, हवाई पट्टी और मेला मैदान तक सुरक्षा व्यवस्था आदि की तैयारियां पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान सीडीओ अभिनव शाह, सीईओ कुलदीप गैरोला, जिला पर्यटन अधिकारी विजेंद्र पांडे, पीडी आनंद सिंह, एसडीएम संतोष कुमार पांडेय, ईई जल संस्थान मुकेश कुमार, ईओ नगर पालिका ज्योति प्रसाद उनियाल आदि मौजूद थे। संवाद