चमोली। स्यूंण गांव के शिव स्वरूप सोमेश्वर देवता की दिवारा यात्रा रात्रि प्रवास के लिए सिरों गांव पहुंच गई है। इस दौरान भक्तों ने जय सोमेश्वर देवता... के उदघोष के साथ यात्रा का स्वागत किया। पिछले अक्तूबर माह से सोमेश्वर देवता की दिवारा यात्रा आयोजित हो रही है। विभिन्न गांवों का भ्रमण करने के बाद 26 दिसंबर को दिवारा यात्रा फरस्वाण फाट के गांवों में पहुंची थी। बुधवार को लस्यारी गांव में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद यात्रा दोपहर में दो बजे सिरों गांव के लिए रवाना हुई जो शाम को छह बजे पहुंच गई है। संवाद
रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि ब्लॉक के बच्छणस्यूं पट्टी के नवासू गांव में 13 से 21 जनवरी तक होने वाले मां राजराजेश्वरी प्राण प्रतिष्ठान अनुष्ठान की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। नौ दिवसीय अनुष्ठान का आयोजन ग्राम पंचायत नवासू, निषणी और बंगोली के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजन समिति के संरक्षण व पूर्व ग्राम प्रधान सुरजीत सिंह रौथाण ने बताया कि सभी प्रवासी ग्रामीण व ध्याणियों को अनुष्ठान में आमंत्रित किया गया है। संवाद