वर्ल्ड बैंक के अधिकारियों ने घाट-बांजबगड़ मोटर मार्ग पर चल रहे घटिया निर्माण कार्य को जेसीबी से तुड़वा दिया गया। ठेकेदार को हिदायत दी गई कि यदि सड़क निर्माण कार्य में हीलाहवाली की गई तो भुगतान रोक कर अनुबंध निरस्त कर दिया जाएगा। बीते दिनों हुई क्षेत्र पंचायत घाट की बैठक में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए थे।
शनिवार को वर्ल्ड बैंक के अधिशासी अभियंता मनोज भट्ट और ब्लॉक प्रमुख कर्ण सिंह नेगी की मौजूदगी में जेसीबी से सड़क के स्कबर तोड़े गए। स्कबर निर्माण में घटिया गुणवत्ता पाई गई। सीमेंट की मात्र कम मिली थी और कंकरीट की जगह पत्थरों का भरान किया गया था। दूसरे, तीसरे और चौथे स्कबर को तोड़ा गया तो यहां भी कार्य की गुणवत्ता घटिया मिली। तीन जगहों पर सड़क की दीवार भी तुड़वाई गई।
ब्लॉक प्रमुख करण सिंह ने कहा कि सरकारी धन का खुलेआम दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़कों के निर्माण की मॉनीटरिंग की जाएगी। प्रधान संगठन के अध्यक्ष मनोज कठैत ने बताया कि घाट-बांजबगड़ (8 किमी) मोटर मार्ग का निर्माण कार्य तीन करोड़ 70 हजार रुपये में हो रहा है लेकिन कार्य में गुणवत्ता को ताक पर रखा जा रहा है।
वर्ल्ड बैंक के ईई मनोज भट्ट का कहना है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यहां सड़क निर्माण में घटिया गुणवत्ता की शिकायत मिली थी, जिसे तुड़वा दिया गया है।