आदर्श विद्या मंदिर पोखरी में हिंदुस्तान स्काउट एवं गाइड की ओर से तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए राष्ट्र सेवा, रस्सी गांठ, आपदा प्रबंधन सेवा, राष्ट्र के संकट काल और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के तौर-तरीकों के बारे में बताया गया। छात्र-छात्राओं ने आपदा प्रबंधन के बारे में जानकारी भी पूछी, जिस पर स्काउट ट्रेनर संजय चौहान, सुशील, हरीश राणा और गाइड कैप्टन रश्मि सिंह ने उन्हें आपदा बचाव और प्रबंधन के टिप्स दिए। स्काउट एवं गाइड के प्रशिक्षण शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता अभियान भी चलाया। हिंदुस्तान स्काउट एवं गाइड की ओर से चमोली जिले के अन्य क्षेत्रों के विद्यालयों में भी शिविर का आयोजन कर छात्र-छात्राओं को जानकारियां दी गईं।