ज्योतिर्मठ। एनटीपीसी की विष्णुगाड़ जलविद्युत परियोजना तपोवन में आपदा प्रबंधन और आपातकालीन तैयारियों को परखने के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों ने प्रतिभाग किया।
परियोजना के बैराज स्थल और टनल क्षेत्र में मॉक ड्रिल का अभ्यास किया गया। इसमें सुराईथोटा में बादल फटने की काल्पनिक स्थिति बनाई गई। जल स्तर में अचानक वृद्धि होने से ऑटोमेटेड फ्लड वार्निंग सिस्टम सक्रिय हो गया। इसके दौरान अभ्यास में सीआईएसएफ के समन्वय से भारतीय सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन सेवा, आईबी, बीआरओ, जिला प्रशासन व अन्य एजेंसियों ने प्रतिभाग किया।
इस दौरान एनटीपीसी तपोवन के कार्यकारी निदेशक व परियोजना प्रमुख अजय कुमार शुक्ला ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में हमें अपने दायित्वों की सटीक जानकारी होनी चाहिए जिससे कम से कम समय में राहत व बचाव कार्य को पूरा किया जा सके। संवाद