बदरीनाथ धाम में मौनी बाबा और स्वामी ब्रह्मचारी का आमरण अनशन बुधवार को ग्यारहवें दिन भी जारी रहा। उन्होंने तीसरे दिन भी जल ग्रहण नहीं किया। बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे भारी बारिश के बीच बदरीनाथ थाना पुलिस ने मौनी बाबा को बदरीनाथ मंदिर परिसर में ले जाकर बदरीनाथ का चरणामृत (प्रसाद) दिलवाया और अनशन स्थगित करने का आग्रह किया, लेकिन बदरीनाथ मंदिर परिसर से ही मत्था टेकने के बाद वे अपने आश्रम में जाकर फिर से अनशन पर बैठ गए। वहीं, पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने दोनों संतों से आमरण अनशन समाप्त करने की अपील की।
बदरीनाथ धाम के दर्शनों की मांग को लेकर मौनी बाबा और स्वामी ब्रह्मचारी 23 मई से अपने-अपने आश्रमों में आमरण अनशन कर रहे हैं। 31 मई से मौनी बाबा ने जल का भी त्याग कर दिया है। बदरीनाथ धाम में मौजूदा समय में करीब 15 साधु-संत हैं। मौनी बाबा साधु संतों को दूर से ही बदरीनाथ जी के दर्शन करवाने की मांग देवस्थानम बोर्ड से कर रहे हैं। बुधवार को बदरीनाथ थाने के थानाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह अपनी टीम के साथ मौनी बाबा के आश्रम में पहुंचे, उन्होंने मौनी बाबा से अनशन समाप्त करने का आग्रह किया, लेकिन वे नहीं माने। थानाध्यक्ष उन्हें बारिश के दौरान ही बदरीनाथ मंदिर परिसर तक भी ले गए, लेकिन अनशनकारी संत ने रावल निवास की छत से ही बदरीनाथ धाम की ओर मत्था टेका और इसके बाद मंदिर का चरणामृत ग्रहण किया। इसके बार फिर से वे फिर आश्रम में जाकर अनशन पर बैठ गए। थानाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह ने बताया कि मौनी बाबा से कई बार अनशन स्थगित करने का आग्रह किया गया है, लेकिन वे बदरीनाथ धाम के दर्शनों की मांग पर अड़े हुए हैं। इधर, पर्यटन मंत्री व उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष सतपाल महाराज ने अनशन पर बैठे मौनी बाबा और स्वामी ब्रह्मचारी से कोरोना संकटकाल को देखते हुए अनशन समाप्त करने की अपील की। कहा कि चारधाम यात्रा शुरू होने पर सभी को बदरीनाथ धाम के दर्शनों की अनुमति दी जाएगी।
देवस्थानम बोर्ड ने किया अनशन समाप्त होने का दावा
गोपेश्वर। देवस्थानम बोर्ड के मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ की ओर से जारी विज्ञप्ति में बुधवार को मौनी बाबा व संत ब्रह्मचारी के आमरण अनशन समाप्त करने की बात कही गई है। उन्होंने बताया कि बुधवार को बदरीनाथ मंदिर परिसर में अनशनकारी संतों ने बदरीनाथ जी का चरणामृत ग्रहण किया है। इसके बाद उनका अनशन समाप्त हो गया है। इधर, अनशनकारी मौनी बाबा ने कहा कि उनका अनशन जारी है। इस संबंध में सतपाल महाराज की ओर से उनके साथ कोई वार्ता नहीं हुई है। बदरीनाथ मंदिर परिसर में भगवान जी का चरणामृत प्रसाद ग्रहण किया गया, जिससे अनशन नहीं टूटता। इसके बाद फिर पूर्व की तरह अनशन जारी रखा है। संवाद