महाशिवरात्रि पर सुबह से बारिश और कड़ाके की ठंड के बाद भी तड़के से शिव मंदिरों में जलाभिषेक को भक्तों का तांता लग गया, जो दिन भर चलता रहा। गोपेश्वर, चमोली, पोखरी, पीपलकोटी, घाट, नंदप्रयाग, जोशीमठ सहित सभी जगह पर शिवालयों में रौनक बनी रही। ज्यादातर मंदिरों को गेंदे के फूलों से सजाया गया था।
जिले के गोपीनाथ, बैरासकुंड, बामनाथ, नागनाथ, बटलेश्वर, गणजेश्वर, बिरही वीर भद्रेश्वर, अकलेश्वर, कल्पेश्वर, बासुकेदार, जोतेश्वर महादेव, भलेश्वर सहित कई शिवालयों में शिवभक्तों ने जलाभिषेक किया। बाजार में भी खूब रौनक रही। लोगों ने जमकर खरीददारी की। गोपीनाथ सहित विभिन्न मंदिरों में लोगों ने भंडारा लगाकर दूध और फल का प्रसाद भी वितरित किया।
ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। ओंकारेश्वर मंदिर में सुबह से भगवान केदारनाथ एवं द्वितीय केदार मद्महेश्वर की विशेष पूजा की गई। पुजारी शिवशंकर लिंग ने बाबा का जलाभिषेक व शृंगार कर आरती उतारी। इस मौके पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों समेत सैकड़ों भक्तों ने आराध्य का जलाभिषेक कर पुण्य अर्पित किया। गुप्तकाशी स्थित विश्वनाथ मंदिर में भी भक्तों की भीड़ रही। जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग स्थित रुद्रनाथ मंदिर, कोटेश्वर महादेव, अगस्त्य ऋषि मंदिर अगस्त्यमुनि, बैरागणां शिवालय, बसुकेदार, त्रियुगीनारायण, मक्कूमठ, फलासी, उमरानारायण, नारायणकोटी, नाला, गंगतल महादेव समेत अन्य प्राचीन शिवालय व मठों में भक्तों ने आराध्य भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना करते हुए दर्शन किए। (संवाद)
क्यूंकालेश्वर और लक्ष्मीनारायण में भी भोले की गूंज
पौड़ी। महाशिवरात्रि पर क्यूंकालेश्वर और लक्ष्मीनारायण आदि मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। कल्जीखाल ब्लॉक के मनियारस्यूं पट्टी के थानेश्वर महादेव मंदिर थनुल में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। इस मौके पर मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शौर्य चक्र प्राप्त मनीष पटवाल के पिता जगमोहन सिंह पटवाल, मंदिर समिति के अध्यक्ष जगमोहन डांगी, उत्तम सिंह पटवाल, प्रधान संगठन के ब्लाक अध्यक्ष प्रमोद रावत, राकेश नैथानी, मधु देवी, गजेंद्र नेगी, भगवान सिंह, उर्मिला देवी, कैप्टन नरेंद्र सिंह नेगी, मनमोहन रावत, मंगल सिंह लिंगवाल व देवेंद्र सिंह रावत आदि मौजूद थे। संवाद
श्रीनगर/कीर्तिनगर/देवप्रयाग। यहां कमलेश्वर घसिया महादेव में कटकेश्वर, शंकर मठ, नागेश्वर, अल्केश्वर, अष्टवक्रा व श्रीकोट के शिव मंदिरों में सुबह चार बजे से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लगी रही। कीर्तिनगर ब्लाक के किलकिलेश्वर, ढुंडेश्वर महादेव, जटलेश्वर आदि शिव मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। देवप्रयाग में गंगाजल से शिव का अभिषेक व बेलपत्र व चंदन से पूजन किया गया। गंगातट स्थित बागेश्वर महादेव में आयोजित महाशिवरात्रि मेले में लोगों की भारी भीड़ लगी रही। हिंडोलाखाल क्षेत्र के पलेठी वनगढ़ में शिव मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने पूजा की।