नगर पालिका की बोर्ड बैठक में वर्ष 2015-16 के लिए नगर के मोहल्लों और नगर में किए जाने वाले विकास कार्यों के लिए 13 करोड़ 52 लाख का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। सभासदों ने पालिका में आउटसोर्सिंग के माध्यम से सफाई कर्मचारियों, लाइनमैन, वर्क एजेंट, माली और चालक की तैनाती का विरोध किया। पारदर्शी नियुक्तियों के लिए कमेटी के गठन की मांग की गई।
पालिका सभागार में पालिका अध्यक्ष संदीप रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभासदों के कई प्रस्ताव पारित हुए। निर्णय लिया गया कि नगर पालिका को हाईटेक बनाया जाएगा।
पालिका में शिकायत दर्ज करने के लिए टोल फ्री नंबर लगाया जाएगा। पालिका अपनी अलग वेबसाइट स्थापित करेगी, जिसमें विकास के लिए आम जनता से सुझाव मांगे जाएंगे।
पालिका क्षेत्र में तीन लाख की लागत तक के कार्य सभासदों की ओर से कराने पर चर्चा हुई। नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत ने कहा कि पालिका क्षेत्र में शीघ्र सात करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। ये कार्य सभासदों की सहमति पर विभिन्न वार्डों में संचालित करवाए जाएंगे।
बोर्ड की ओर से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए न्यूनतम सेवा शुल्क लेने का निर्णय लिया गया। इस मौके पर सभासद नवल भट्ट, माहेश्वरी देवी, संतोष रावत, दीपक लाल, गजेंद्र सिंह, धर्मा देवी, ऊषा फर्स्वाण, विक्रम सिंह और त्रिभुवन सिंह आदि मौजूद थे।