मनरेगा कर्मचारी दो माह से हड़ताल पर हैं, जिसके चलते कई विकास कार्य ठप पड़ गए हैं। जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर कर्मियों की मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की है, ताकि हड़ताल जल्द खत्म हो और जन सामान्य से जुड़े विकास के काम शुरू हो सकें।
ब्लॉक प्रमुख प्रीती भंडारी, ज्येष्ठ उपप्रमुख पूरण नेगी, भाकपा के स्टेट काउंसिल नरेंद्र रावत, कांग्रेस के प्रदेश सचिव सत्येंद्र नेगी, ब्लाक अध्यक्ष कुंवर सिंह चौधरी, संतोष चौधरी, बिनगढ़ की प्रधान लक्ष्मी देवी, शिवराज राणा, हर्षवर्द्धन चौहान ने सीएम को ज्ञापन भेजा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में रोजगार का एकमात्र जरिया मनरेगा कार्य है, लेकिन वह भी धरातल पर नहीं उतर पा रहा है। कोरोना काल में लोगों के सभी तरह के काम बंद हो गए हैं। मनरेगा से भी उनको काम नहीं मिल पा रहा है। इसलिए बिना देरी किए सरकार को मनरेगा कर्मियों की मांगों को पूरा करके हड़ताल समाप्त करवानी चाहिए।