ऊर्जा निगम की लापरवाही का खामियाजा एक उपभोक्ता पिछले तीन साल से भुगत रहा है। एक ही कनेक्शन पर दो अलग-अलग नाम से बिल भेज विभाग उपभोक्ता से अब तक 60 हजार की वसूली कर चुकी है। अपने नाम पर आए बिल को चुकाने के बाद जब उपभोक्ता ने दूसरे नाम से आए बिल को चुकाने से मना किया तो विभाग ने घर की बिजली ही काट दी।
रविवार को ऊर्जा निगम की लापरवाही का यह मामला विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम की ओर से आयोजित शिविर में उठा। दशोली ब्लॉक के लासी गांव के लस्यारी में शिविर लगाया गया। जिसमें लासी गांव के एक व्यक्ति की शिकायत ने सभी को चौंका दिया। कोतवाल सिंह (शिकायतकर्ता) को तीन साल से दो अलग-अलग नामों से बिल आ रहे हैं। एक बिल कोतवाल सिंह और दूसरा कुताल सिंह के नाम से। बताया कि वह अब तक 36 हजार और 24 हजार रुपये के बिल जमा कर चुके हैं। कोतवाल सिंह ने दूसरा बिल जमा करने से मना किया तो उसके घर की बिजली काट दी गई। बतौर कोतवाल सिंह मुझे मजबूरी में दोनों बिल जमा करने पड़ रहे है ।बिजली विभाग पिछले तीन साल से दो अलग-अलग नामों से बिल वसूल रहा है। तमाम शिकायतों के बाद भी उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। दोनों बिलों का कनेक्शन नंबर भी एक ही है। फोरम के सदस्य शशि भूषण मैठाणी ने बताया कि कुताल नाम का कोई व्यक्ति है ही नहीं। यह विभाग की घोर लापरवाही है। उन्होंने शिकायत दर्ज करते हुए निर्धारित 30 से 60 दिनों के भीतर समाधान के निर्देश दिए। इधर, शिविर में कुल 25 शिकायतें दर्ज हुईं, जिसमें लासी, मजोठी, सेमडुंगरा, हरमनी, रांगतोली के ग्रामीण शामिल थे। मैठाणी ने बताया कि संबंधित शिकायतों का विवरण विद्युत वितरण खंड गोपेश्वर से 10 दिनों के भीतर मांग लिया जाएगा। निर्धारित समय 60 दिनों में समस्याओं का समाधान कर लिया जाएगा। इस दौरान ग्रामीण नयन सिंह, कुंवर सिंह, राजेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान मजोठी पूर्ण सिंह, सुमन देवी, मोहन लाल, रमेश लाल, कोतवाल सिंह, विमला देवी, लीला देवी, मालती देवी आदि मौजूद रहे।