गैरसैंण। राजकीय कन्या जूनियर हाईस्कूल माईथान से दो शिक्षिकाओं का स्थानांतरण होने पर अभिभावकों में रोष व्याप्त है। तबादले के विरोध में क्षेत्रवासियों ने विद्यालय प्रबंध सिमिति की अध्यक्ष संतोषी देवी के नेतृत्व में 10 जुलाई को माईथान व गैरसैंण में जुलूस व धरना प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।
जिपंस अवतार पुंडीर ने बताया कि खनसर घाटी में एकमात्र कन्या जूनियर हाईस्कूल में 48 छात्राएं पढ़ रही हैं। पूर्व में यहां पर तीन अध्पापिकाएं नियुक्त थी, लेकिन दो अध्यापिकाओं का तबादला हो जाने पर अब स्कूल में सामान्य शिक्षिका होने से पठन-पाठन कार्य प्रभावित हो रहा है। इसलिए क्षेत्रीय जनता विज्ञान व गणित विषय वाली शिक्षिका की बदली रोकने के लिए आंदोलन करने के लिए मजबूर हुए हैं। वह इससे पूर्व डीएम को भी समस्या से अवगत करा चुके हैं। कोई समाधान न होने से क्षेत्रीय जनता में भारी आक्रोश है। कहा कि 10 जुलाई को प्रात: साढ़े आठ बजे माईथान से जुलूस प्रदर्शन शूरू होगा और फिर गैरसैंण तहसील कार्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। क्षेपंस गौतम सिंह, व्यापार संघ के अध्यक्ष व एसएमसी ने लोगों से अधिक संख्या में प्रदर्शन में भाग लेने की अपील की है।