नंदानगर/गोपेश्वर। उक्रांद की नंदानगर ब्लॉक इकाई के पदाधिकारियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के निस्तारण के लिए जनांदोलन शुरू करने का एलान किया है। शनिवार को दल के कार्यकर्ताओं ने अपर जिलाधिकारी से भेंट कर उनके सम्मुख क्षेत्र की समस्याएं रखीं। उन्होंने नंदानगर के लक्ष्मी बाजार के ऊपरी हिस्से में विगत वर्ष हुए भूधंसाव का भूगर्भीय सर्वेक्षण कर शीघ्र ट्रीटमेंट कार्य शुरू करने की मांग उठाई है। केंद्रीय प्रवक्ता अंकेश भंडारी के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने एडीएम से भेंट कर कहा कि नंदप्रयाग-नंदानगर सड़क के चौड़ीकरण कार्य समय पर काम किया जाए, ग्रामीण क्षेत्रों में बिछाई गई पेयजल लाइनों की जांच की जाए, जर्जर हालत वाले प्राथमिक विद्यालय भवनों की स्थिति सुधारने, बाजार में सार्वजनिक शौचालयों की सुविधा विकसित करने, कचरा प्रबंधन की उचित व्यवस्था आदि की मांग उठाई गई। कहा कि यदि शीघ्र समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस मौके पर दल के मीडिया प्रभारी अशोक बिष्ट, पूर्व जिलाध्यक्ष कुंवर दानू, अनिल दानू, राहुल पांडे, हरीश पंवार आदि मौजूद रहे।