कर्णप्रयाग। नैनीताल हाईवे के सिमली बाजार में विगत सात दशक पूर्व निर्मित झूला पुल के ढीले हो चुके लोहे के तारों (सपोर्ट वायर) में आए दिन बड़े वाहन फंस रहे हैं जिससे कई बार बाजार में जाम लग रहा है। व्यापार संघ अध्यक्ष राजेंद्र सिंह मिंगवाल, मनोज पुंडीर, प्रणवेंद्र प्रसाद डिमरी, हर्षवर्धन डिमरी, रविंद्र खंडूड़ी आदि ने बताया कि सिमली में झूला पुल के लोहे के तारों (सपोर्ट वायर) ढीले होने से बड़े वाहन इन तारों में फंस रहे हैं। ऐसे में जाम से राहगीरों, स्कूली बच्चों को आवाजाही में दिक्कतें हो रही हैं। लोगों ने झूला पुल के तारों को एनएच से हटाने की मांग की। वहीं लोनिवि गौचर के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि मामले का संज्ञान लेकर सिमली बाजार के झूला पुल का डिस्मेंटल किया जाएगा। संवाद
टेंटुड़ा के प्रवास पर पहुंची देवरा यात्रा
नारायणबगड़। राजराजेश्वरी चंडिका देवी की देवरा यात्रा नारायणबगड़ के श्रीगुरु, बधाण पट्टी के गांवों का भ्रमण करने के बाद बृहस्पतिवार को कड़ाकोट पट्टी के पहले गांव टेंटुड़ा के प्रवास पर पहुंची। बृहस्पतिवार को बैनोली गांव में पूजा के बाद चंडिका देवी की देवरा यात्रा मींग, पंती होते हुए नारायणबगड़ बाजार पहुंची। जहां देवी ने भ्रमण करने के बाद नारायणबगड़ गांव में रात्रि प्रवास के लिए टेंटुड़ा गांव पहुंची। ग्रामीणों ने जयकारों से देवी चंडिका की आगवानी की। शुक्रवार को देवरा यात्रा पालछूनी गांव के प्रवास पर रहेगी। संवाद