गोपेश्वर। चमोली जिले के सबसे दूरस्थ क्षेत्र निजमुला घाटी के पाणा और ईराणी गांव को सड़क से जोड़ने की मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। ग्राम प्रधान मोहन सिंह नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य विजय सिंह नेगी, झींझी के राजे सिंह आदि ने कहा कि इन गांवों के लिए वर्ष 2007 से सड़क निर्माण कार्य शुरू हुआ था लेकिन आज तक क्षेत्र को सड़क सुविधा नहीं मिल पाई है। सड़क न होने से बुजुर्गों, बच्चों और गर्भवती महिलाओं को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि वीर गंगा पर पीएमजीएसवाई की ओर से पुल निर्माण कार्य प्रस्तावित है लेकिन पुल निर्माण की गति बेहद धीमी है जिससे जल्द सड़क का लाभ मिलना मुश्किल बना हुआ है। संवाद
फोटो
ट्रेड फेयर पर रोक लगाने की मांग
गोपेश्वर। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल गोपेश्वर के अध्यक्ष विनोद जोशी ने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी से भेंटकर उन्हें ज्ञापन सौंपा। उन्होंने पुलिस मैदान में प्रतिवर्ष नवंबर माह में होने वाले ट्रेड फेयर के आयोजन की इस वर्ष से स्वीकृति न देने, जिले के सभी सरकारी विभागों में बाहरी जिलों से आ रही सामग्री पर रोक लगाकर जिले से ही सामग्री की खरीद करने और व्यापार संघ भवन के लिए राज्य सरकार की ओर से उपलब्ध कराई भूमि को व्यापार संघ को हस्तांतरित करने की मांग उठाई। संवाद
लासी-सरतोली मार्ग बदहाल
चमोली। बरसात निपटने के बाद भी चमोली-लासी सरतोली मार्ग को दुरुस्त नहीं किया गया है। कहीं गड्ढे तो कहीं कीचड़ होने से लोगों को वाहनों की आवाजाही में परेशानी उठानी पड़ रही है। पीएमजीएसवाई के अधीन करीब 20 किमी लंबी इस सड़क से सरतोली, भतंग्याला, ठेली, मेड़, सेमडुंग्रा व नवा गांव लाभान्वित होते हैं। मजोठी के पूर्व प्रधान दिगंबर फरस्वाण ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की स्थिति सुधारने की मांग की। संवाद