पोखरी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने हापला-धोतीधार सड़क निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में कहा है कि यह मार्ग क्षेत्र में पर्यटन और तीर्थाटन के लिए अत्यधिक महत्वपूर्ण है। पोखरी-गोपेश्वर मोटर मार्ग से हापला से धोतीधार के लिए कई साल पहले इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। सड़क का निर्माण कार्य गोदली नौली तक हो चुका है। लेकिन अभी भी धोतीधार तक करीब 10 किमी सड़क का और निर्माण होना है। इस सड़क के बनने से रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि विकासखंड की 25 ग्राम पंचायतों को भी लाभ होगा। साथ ही क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां भी बढ़ जाएंगी। उन्होंने महेंद्र भट्ट से सड़क को स्वीकृत कराने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष धीरेंद्र राणा, कलसीर की प्रधान मीना देवी, मसोली के प्रधान देवेंद्र लाल, सलना की प्रधान चंद्रकता देवी, आनंद राणा आदि शामिल रहे। संवाद