कोरोना कर्फ्यू के कारण आर्थिक तंगी का सामना कर रहे व्यापारियों के सब्र का बांध टूटने लगा है। शुक्रवार को गोपेश्वर, चमोली बाजार और जोशीमठ में व्यापारियों ने आठ जून के बाद दुकानों को खुलवाने की मांग उठाई और ताली-थाली बजाकर दुकानें बंद होने पर विरोध प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने कहा कि दो साल तक व्यापारियों ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार का सहयोग किया, अब सरकार को भी व्यापारियों की सुध लेने चाहिए। व्यापारियों ने बैंक ऋण के साथ ही पानी और बिजली के बिल माफ करने की मांग उठाई। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। वहीं जोशीमठ में व्यापारियों ने मांग न जाने पर स्वयं दुकानें खोल देने की चेतावनी दी।
शुक्रवार सुबह 11 बजे गोपेश्वर में 50 से अधिक व्यापारी इकट्ठा हुए और कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए मुख्य तिराहे से मंदिर मार्ग गेट तक लाइन में ताली व थाली बजाकर विरोध प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने ‘व्यापारी एकता जिंदाबाद’ और ‘हमारी मांगें पूरी करो’ के नारे भी लगाए। व्यापार संघ अध्यक्ष अंकोला पुरोहित ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। अब आगे अधिक समय तक अपने व्यापार को बंद नहीं रख सकते हैं। उन्होंने सरकार से आठ जून के बाद बाजार को चरणबद्ध तरीके से खोल देने की मांग की। व्यापारियों ने सामाजिक दूरी बनाकर आंदोलन किया। व्यापारियों ने चेतावनी दी यदि शीघ्र उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन तेज कर दिया जाएगा। वहीं, चमोली बाजार में भी व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। इस मौके पर जिला महामंत्री कुलदीप वर्मा, जिला संगठन मंत्री पवन राठौर, नगर अध्यक्ष ताजबर नेगी, नगर महामंत्री आशीष सिंह, जोत सिंह बग्याल, सौरभ अग्रवाल, पीपलकोटी के नगर अध्यक्ष दीपक राणा, गंगा फर्स्वाण, आनंद गोस्वामी, सुदर्शन शाह, अनूप अग्रवाल आदि मौजूद थे।
वहीं जोशीमठ में व्यापार संघ ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में आठ जून के बाद सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों को खुलवाने की मांग की। चेतावनी दी यदि सरकार ने 8 जून के बाद दुकानों को खोलने की अनुमति नहीं दी तो सभी व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों को खोल देंगे। इस मौके पर व्यापार संघ अध्यक्ष नैन सिंह भंडारी, कन्हैया लाल शाह, जय प्रकाश भट्ट सहित कई व्यापारी मौजूद थे।
नई टिहरी : बैंक ब्याज माफ करने की मांग
नई टिहरी/लंबगांव। आवश्यक सेवाओं के अलावा अन्य सभी दुकानें खोलने की मांग को लेकर नई टिहरी, बौराड़ी, बीपुरम, कोटीकालोनी, चंबा, नरेंद्रगनर, लंबगांव, घनसाली, चमियाला क्षेत्र के व्यापारियों ने अपनी दुकानों के आगे थाली, घंटी, ढपली बजाई। व्यापारियों का कहना है कि सरकार व्यापारियों की समस्या पर ध्यान नहीं दे रही है। कोरोना संक्रमण और कोविड कर्फ्यू के कारण दुकानें एक माह से बंद हैं और व्यापारियों पर बैंक का कर्जा बढ़ता जा रहा है। कोरोना संक्रमण के केस कम होने के बावजूद सरकार दुकानें खोलने की अनुमति नहीं दे रही है। उन्होंने सरकार से जल्द बाजार खुलवाने के साथ ही बैंक ब्याज माफ करने की मांग की है। इस मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष ज्योति प्रसाद डोभाल, मेहताब गुनसोला, कुलदीप पंवार, अब्दुल अतीक, मायाराम थपलियाल, राजेश डियूंडी, बिशन सिंह भंडारी, युद्धवीर सिंह राणा, देवी सिंह पंवार, जगदीप रावत, पवन नेगी और मनोहर सिंह नेगी आदि उपस्थित रहे।
रुद्रप्रयाग : सीमित समय के लिए ही खुलें लेकिन खुलें दुकानें
रुद्रप्रयाग। व्यापारियों ने बाजार के पूर्ण संचालन की मांग को लेकर थाली व ताली बजाई। उन्होंने कहा कि भले ही समय सीमित किया जाए, लेकिन सभी दुकानें खोलने की अनुमति मिले। मुख्य बाजार में जिला उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अंकुर खन्ना और नगर अध्यक्ष चंद्रमोहन सेमवाल के नेतृत्व में सभी व्यापारी मुख्य बाजार में एकत्रित हुए और सीमित समय के लिए बाजार को खोलने की मांग की। कहा कि व्यापार चौपट होने पर अब घर चलाने का खर्चा भी नहीं निकल रहा है। उन्होंने बैंकों के ऋण का ब्याज के साथ ही जीएसटी में राहत देने की मांग भी की गई। उधर, तिलवाड़ा में अध्यक्ष सुरेंद्र दत्त सकलानी, अगस्त्यमुनि में अध्यक्ष नवीन बिष्ट, ऊखीमठ में अध्यक्ष राजीव भट्ट, गुप्तकाशी में अध्यक्ष मदन सिंह रावत के नेतृत्व में व्यापारियों ने थाली बजाकर सरकार के प्रति रोष जताया। इस मौके पर संतोष रावत, नरेंद्र बिष्ट, केशव नौटियाल, जितेंद्र खन्ना, माधो सिंह नेगी, सुरेंद्र कप्रवाण, गोल्डी सूरी, लक्ष्मण बिष्ट, देवेंद्र रावत, पारेश्वर ममगाईं, अमित नौटियाल, कुलदीप कप्रवाण, नरेंद्र रावत, सुरेंद्र बिष्ट और मनमोहन शुक्ला आदि थे।