महाविद्यालय नागनाथ पोखरी में एमएससी शुरू करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्र-छात्राओं ने आमरण अनशन शुरू कर दिया है। वह तीन दिन से क्रमिक अनशन पर बैठे थे।
आमरण अनशन पर बैठे महाविद्यालय के छात्रसंघ अध्यक्ष और एबीवीपी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अभिषेक बर्तवाल ने कहा कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर आमरण अनशन शुरू किया है। जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं तब तक अनशन खत्म नहीं करेंगे। उन्होंने महाविद्यालय में एनसीसी स्थापित करने सहित कई अन्य विषयों को शुरू कराने की मांग की। ब्लाक प्रमुख प्रति भंडारी ने छात्रों के आंदोलन को समर्थन दिया। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी पंत और विधायक प्रतिनिधि बीरेंद्र राणा सहित अन्य ने छात्रों से अनशन समाप्त करने की अपील की। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को शीघ्र उच्च शिक्षामंत्री को भेजा जाएगा, लेकिन छात्रों ने अनशन समाप्त करने से साफ इनकार कर दिया। आमरण अनशन पर सपना बासकंडी, नितिन सिंह, अंकित बर्तवाल, संदीप बर्तवाल, भूपेंद्र रावत, दीपक कुमार, प्रमोद कुमार आदि बैठे।