गोपेश्वर। नैनीताल में बालिका के साथ दुष्कर्म की घटना की निंदा करते हुए उसके परिवार को कानूनी सुरक्षा देते हुए फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से अपराधी को कड़ी सजा दिलाने की मांग की गई। विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने इस संबंध में जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा।
उन्होंने देहरादून में दून अस्पताल स्थित मजार को ध्वस्त करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कर मजार का पुनर्निर्माण करने और राज्यभर में वन गुजर, परंपरागत वन निवासियों, ग्राम समाज की जमीनों व नदी-नालों के पास रह रहे परिवारों की बेदखली को रोकने की मांग की। इस मौके पर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भरत सिंह रावत, भाकपा के जिला मंत्री भरत सिंह कुंवर, सीपीआईएम के जिला मंत्री मदन मिश्रा, अखिल भारतीय किसान सभा के मंत्री ज्ञानेंद्र खंतवाल, भूपाल सिंह रावत, राजेंद्र लाल, आप के पूर्व जिलाध्यक्ष भवान सिंह चौहान और गीता बिष्ट आदि मौजूद रहे।