पोखरी। नगर क्षेत्र पोखरी में लंबे समय से स्थानीय लोग पंजाब नेशल बैंक की शाखा खोलने की मांग कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां पर एक मात्र बैंक शाखा है, इसके चलते उपभोक्ताओं को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों का कहना है कि पोखरी नगर पंचायत क्षेत्र है, साथ ही विकासखंड की 70 से अधिक ग्राम पंचायतों का यह मुख्य बाजार है। लेकिन यहां वर्तमान में सिर्फ एसबीआई की शाखा संचालित है। इसके चलते यहां बैंक में लंबी कतार लगी रहती है। इससे कई बार दूर दराज से आए लोगों को बिना काम करवाए ही लौटना पड़ता है। एक बैंक शाखा होने के चलते एटीएम भी एक ही है। इससे लोगों को कई बार नकदी के लिए परेशान होना पड़ता है। नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल, जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र राणा, प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष तेजपाल रावत, कुंवर सिंह, संतोष चौधरी, रमेश चौधरी आदि ने शासन-प्रशासन से पोखरी क्षेत्र में पीएनबी की शाखा खुलवाने की मांग की है।