देवाल। विकासखंड में सोलर लाइट खरीद को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों ने जांच की मांग की। प्रधान संघ और क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधियों ने इस संबंध में जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजा। उन्होंने कहा कि विकास विभाग की ओर से 15 लाख की सोलर लाइटों की खरीद गलत तरीके से की गई है। कहा गया कि जब सदस्यों ने खंड विकास अधिकारी से जानकारी मांगी तो उन्होंने इसकी जानकारी नहीं दी। ऐसे में सरकारी धन के दुरुपयोग का संदेह है। उन्होंने मामले की जांच की मांग की। ज्ञापन में प्रधान संघ अध्यक्ष खिलाप सिंह बिष्ट, रैन ग्राम पंचायत के प्रधान कमल गड़िया, बलाण के क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रदीप दानू, घेस-हिमनी की लीला देवी आदि के हस्ताक्षर हैं। वहीं बीडीओ जयदीप बैरवाण ने बताया कि 15वें वित्त व राज्य वित्त की धनराशि से लाइटें लग रही हैं। अभी तक पांच लाख की लागत की लाइट लगा दी गई है। नए नियम के तहत पांच लाख तक कोटेशन पर खरीद कर सकते हैं। संवाद