पोखरी। चांदनीखाल-रडुवा-कांडई-रैसू सड़क का टेंडर जारी होने के एक साल बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। सड़क संघर्ष समिति ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर जल्द से जल्द सड़क का काम शुरू कराने की मांग की।
ज्ञापन में संघर्ष समिति ने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद वर्ष 2015-16 में शासन से करीब 11 किमी सड़क की स्वीकृति मिली। मगर बाद में मामला ठंडे बस्ते में चला गया। लंबे पत्राचार व संघर्ष के बाद पिछले साल लोनिवि ने चार किमी सड़क कटिंग का टेंडर जारी किया लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं हो पाया। ऐसे में आज भी कांडई चंद्रशिला और रडुवा गांव सड़क से वंचित हैं। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने जिलाधिकारी से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू करवाने की मांग की। कहा कि यदि काम शुरू नहीं होता तो ग्रामीण लोनिवि पोखरी कार्यालय में प्रदर्शन करेंगे। ज्ञापन भेजने वालों में सड़क संघर्ष समिति के अध्यक्ष दिनेश रड़वाल, उपाध्यक्ष सज्जन रड़वाल, हषवर्धन सिंह और जगदीश नेगी आदि शामिल रहे। संवाद