नंदानगर। विकासखंड नंदानगर के दूरस्थ गांव को जोड़ने वाली कोप्टर-लेकी-कठुड़ा-डुवा सड़क का निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। जनप्रतिनिधियों के कई आश्वासनों के बाद भी सड़क को लेकर अभी तक धरातल पर कोई काम नहीं हुआ है। लोगों ने जल्द सड़क निर्माण की मांग की।
10 किमी नंदानगर-थराली सड़क को वर्ष 2022-23 में स्वीकृति मिली थी। करीब छह किमी लंबी इस सड़क का दो किमी हिस्सा वन भूमि के अंतर्गत है। कुछ समय पहले लोनिवि कर्णप्रयाग ने कहा था कि यदि स्थानीय विधायक अनुमति दें तो चार किमी हिस्से में कटिंग कार्य शुरू कर दिया जाएगा। शेष क्षेत्र में वन भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया के बाद निर्माण किया जाएगा। इस पर क्षेत्रीय विधायक भूपाल राम टम्टा ने भी सकारात्मक कार्रवाई की बात कही थी। प्रकाश मैंदोली, विजय सिंह, कल्याण सिंह ने कहा कि सड़क के अभाव में लोगों को आज भी करीब चार किमी पैदल चलना पड़ता है। जनप्रतिनिधि सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं। उन्होंने शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क निर्माण जल्द से जल्द शुरू कराने की मांग की।