कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई में सड़क निर्माण में भूमि अधिग्रहित के तहत मुआवजा दिलाने, पर्यटन सहित अन्य विषयों पर कुल नौ शिकायतें आईं। कई शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। डीएम स्वाति एस भदौरिया ने अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के साथ निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस दौरान सीएम पोर्टल पर दर्ज एल-1 और एल-2 स्तर की लंबित शिकायतों को सात दिनों में निस्तारित करने के भी निर्देश दिए।
जनसुनवाई में नंदप्रयाग निवासी वली देवी ने एनएच चौड़ीकरण में जमीन अधिग्रहण का मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर डीएम ने एसडीएम चमोली को जांच कर रिपोर्ट देने को कहा। किलोडी के ग्रामीणों ने कहा कि बछेर से टेढा खनसाल सड़क निर्माण में पीएमजीएसवाई ने पांच साल से मुआवजा नहीं दिया है। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए। खैनुरी निवासी कुंदन सिंह ने चमोली-पीपलकोटी मार्ग चौड़ीकरण में उनकी भूमि से मलबा हटाने और फलदार पेड़ों का मुआवजा दिलाने, माता अनसूया मंदिर ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष बीएस झिंक्वाण ने मंदिर परिसर में सुविधाएं जुटाने आदि की मांग की। जनसुनवाई में मुख्य विकास अधिकारी हंसादत्त पांडे, एसडीएम बुशरा अंसारी, एसीएमओ डा. दिनेश चौहान, पीडी प्रकाश रावत, एसडीओ वन अमरेश कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।