गौचर। चारधाम यात्रा तैयारियों को लेकर रविवार को पुलिस प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और वाहन चालकों के साथ बैठक की। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने बाजार में जाम की समस्या से निजात दिलाने की मांग प्रमुखता से की और व्यवस्थाओं को दुरुस्त बनाने के लिए सुझाव दिए।
थानाध्यक्ष राकेश भट्ट की अध्यक्षता में हुई बैठक में व्यापारियों ने कहा कि बाजार में हाईवे के दोनों ओर आड़े तिरछे खड़े सभी वाहनों को मेला मैदान में बनाई गई अस्थायी पार्किंग में खड़ा करवाया जाए। साथ ही बाजार में नाबालिगों की ओर से तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाने, शराबियों और मेला मैदान में वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करने, नशे पर अंकुश लगाने, रात आठ बजे से सुबह चार बजे तक यात्री वाहनों का आवागमन बंद रखे जाने आदि की मांग की गई। बैठक में चौकी प्रभारी मानवेंद्र सिंह गुसाईं, व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल, विजय प्रसाद डिमरी, मदन मिश्रा, अनूप पंवार, आनंद सिंह बिष्ट और सुरेंद्र सिंह कनवासी आदि मौजूद थे। संवाद