फोटो
गौचर। पीएमजीएसवाई की ओर से बसंतपुर क्षेत्र से बरसाती मलबा उठाकर शैल दुवा कांडा मार्ग किनारे डंप किया जा रहा है जिससे स्थानीय लोगों में रोष है।
बारिश के कारण बसंतपुर क्षेत्र में भू-धंसाव से आवासीय भवनों और गौचर शैल दुवा मार्ग पर बड़ी मात्रा में मलबा आने से गौचर शैल दुवा मार्ग भी बंद हो गया था। पीएमजीएसवाई गौचर की ओर से मार्ग को खोलने के लिए जेसीबी लगाकर डंपरों से मलबा उठाया था लेकिन विभाग ने मलबा डंपिंग जोन में डालने के बजाय मार्ग किनारे कई स्थानों पर डंप कर दिया। इससे मार्ग संकरा हो गया। डंप किया गया मलबा बारिश में बहकर निचले इलाकों में जा सकता है। साथ ही सड़क बंद होने की आशंका भी बनी है। शैल गांव निवासी सुभाष बहुगुणा, पुष्कर सिंह, मुकेश शैली, शैलेश शैली, विजय प्रसाद डिमरी, वार्ड सभासद वंदना राणा आदि ने डंप मलबे को हटाने की मांग की। वहीं पीएमजीएसवाई के सहायक अभियंता प्रमोद निराला ने कहा कि प्रकरण संज्ञान में नहीं है। अधिकारियों को निर्देशित कर जल्द डंप मलबे को हटा दिया जाएगा। संवाद