तेफना में सात दिवसीय दशोलीगढ़ सांस्कृतिक विकास मेले का स्वस्ति वाचन के साथ शुभारंभ हुआ। संस्कृत महाविद्यालय कमेड़ा के छात्रों के वैदिक मंत्रोच्चारण और स्वस्ति वाचन पाठ से तेफना क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। इस दौरान लोक गायिका मीना राणा और लोक गायक वीरेंद्र राजपूत ने एक के बाद एक गीतों की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
तेफना खेल मैदान में 20 से 26 जनवरी तक होने वाले मेले का शुभारंभ कर्णप्रयाग विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी ने किया। उन्होंने कहा कि मेलों के आयोजन से मेलजोल बढ़ता है और प्रतिभाओं को आगे आने के लिए मंच मिलता है। मेला समिति के अध्यक्ष प्रेम सिंह राणा ने कहा कि मेले में खेलकूद और रस्साकशी प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। मेले में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोक गायिका मीना राणा ने चंदना मेरा पहाड़ ऐई..., हम पहाड़ी छां.., ओ साहिब.., हाय ककड़ी झीले मां... जैसे गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। लोक गायक वीरेंद्र राजपूत के पावन मेरो उत्तराखंड और मेरी बिंदुली गीत पर दर्शक खूब झूमे। सरस्वती शिशु मंदिर नंदप्रयाग के छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली गीतों की प्रस्तुतियां दीं। इस मौके पर नंदप्रयाग की नगर पंचायत अध्यक्ष डा. हिमानी वैष्णव, कर्णप्रयाग की नगर पालिका अध्यक्ष दमयंती रतूड़ी, ब्लॉक प्रमुख चंद्रेश्वरी देवी, जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मण सिंह बिष्ट, पूर्व प्रधान तेजवीर कंडेरी, विजेंद्र रावत, वीरेंद्र सिंह रावत, दयाल सिंह, ग्राम प्रधान दीपक कंडेरी और कुंवर भंडारी आदि मौजूद थे।