कर्णप्रयाग। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर उमट्टा से चमोली तक बरसात में सड़क निर्माण के दौरान चट्टानें ढीली होने से खतरे का सबब बनी हैं।
ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर एक साल से ऑल वेदर रोड निर्माण का कार्य चल रहा है। कार्यदायी संस्था ने यात्रा शुरू होने से पहले हालांकि सड़क के ऊपरी हिस्से को काटकर चौड़ीकरण का कार्य किया जिससे चट्टानें ढीली हो गईं और अब खिसक रही हैं। उमट्टा, कालेश्वर, बेडाणू, सोनला, देवलीबगड़, मैठाणा, बाजपुर आदि स्थानों पर पहाड़ी से मलबा पत्थर आ रहा है। हाईवे सबसे ज्यादा खतरनाक देवलीबगड़ में बना है। यहां पर पहाड़ी से लगातार मलबा पत्थर आ रहा है और आवाजाही में खतरा बना हुआ है। इसके अलावा बेडाणू में हाईवे पर करीब सौ मीटर के दायरे में लगातार भूस्खलन से सड़क धंस रही है। कैलाश खंडूड़ी, उमेश खंडूड़ी, रमेश सती आदि ने कहा कि मैठाणा और बाजपुर में पहाड़ियों से पत्थर गिरने से हाईवे पर आवाजाही करना खतरे से खाली नहीं है।