पीएमजीएसवाई के तहत निर्माणाधीन चमोली-बौंला (10 किमी) मोटर मार्ग के निर्माण पर ग्रामीणों ने सवाल उठाए। ग्रामीणों ने कहा कि दुर्गापुर से बौंला गांव तक सड़क किनारे पुश्तों के निर्माण में भी घटिया सामग्री लगाने से पुश्ते टूटने के कगार पर पहुंच गए हैं। सड़क किनारे नाली निर्माण न होने से बरसात में गंदा पानी लोगों के घरों में घुस रहा है। इससे दुर्गापुर गांव को खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने इस संबंध में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग उठाई।
बौंला गांव की ग्राम प्रधान सोनम, सतेंद्र, प्रताप सिंह, पंकज नेगी, दर्शन सिंह, रविंद्र सिंह, लक्ष्मण सिंह, कुशाल सिंह और विनोद ने कहा कि सड़क निर्माण के कारण कई पैदल रास्ते भी तहस-नहस हो गए हैं। सड़क निर्माण कार्य वर्ष 2017 से चल रहा है, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। सड़क का डामरीकरण कार्य भी अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। इधर, पीएमजीएसवाई के सहायक अभियंता शिवम रावत का कहना है कि सड़क का निर्माण कार्य अभी भी जारी है। सड़क का शीघ्र निरीक्षण कर पुश्तों की जांच की जाएगी। स्थानीय ग्रामीणों की समस्याओं का जल्द समाधान कर दिया जाएगा।